मंगलवार, 14 जुलाई 2009

अभी थमा नही है महारुद्रों के निर्माण का सिलसिला

Jul 12, 10:35 pm
चित्रकूट। भले ही महारुद्रों की संकल्प महा पूर्ति पूरी हो गयी हो पर अभी भी रुद्रों को बनाने में आचार्य श्री के भक्तों के साथ ही स्थानीय लोग लगे रहे। रविवार को स्कूलों व आफिसों के बंद होने का फायदा काफी लोगों ने उठाया। सुबह से लोग रैन बसेरा परिसर के विशाल मैदान में पहुंच गये और काली मिट्टी से लाखों महारुद्रों के निर्माण में जुटे रहे। उधर, श्री राम अर्चा व श्री राम रक्षा स्त्रोत की आहुतियां भी लोग यज्ञ शाला में डालते दिखाई दिये।
रविवार की सुबह पौ फटते ही मुख्यालय के साथ ही तीर्थ क्षेत्र के रहने वाले संतों व महंतों के रुख भी महारुद्र पंडाल की तरफ दिखाई दिया। लोगों ने बड़ी ही श्रद्धा के साथ काली मिट्टी के शिव लिंग बनाने का काम जारी रखा। देश के विभिन्न हिस्सों से आये सेवादार भी महारुद्रों के निर्माण में लगने वाली सामग्री का वितरण जारी रखा, उधर निर्माण के साथ ही भजनों के दौर को आगे बढ़ाने का काम राधे-राधे मंडल व संगीतकार सुजीत चौबे ने किया। बीच-बीच में जयकारों को बोल भी माहौल में उल्लास व उत्साह भरने का काम कर रहे थे। बाद में आचार्य पूरन महाराज ने महारुद्राभिषेक का कार्यक्रम सम्पन्न कराया। आज जिलाधिकारी फिर अपने परिवार के साथ पहुंचे और महारुद्रों का अभिषेक करने के साथ ही लालापुर से होकर गुजरने वाली वाल्मीकि नदी में फिल्म सितारे आशुतोष राणा, राज पाल यादव, ठाकुर पद्म सिंह के साथ ही विसर्जन में भी भाग लिया।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें