मंगलवार, 14 जुलाई 2009

सन्मार्ग पर चलने की राह दिखाते संत : आशुतोष

Jul 11, 10:21 pm
चित्रकूट। संत महंत तपस्थली की शान और हमारा गौरव हैं। ये भगवत भक्ति के साथ व्यक्ति को सन्मार्ग में चलने की सही राह दिखाते हैं। हम इनका सम्मान कर अपने आपको कृतार्थ महसूस करते हैं। यह बात फिल्म स्टार आशुतोष राणा ने संकल्प पूर्ति महोत्सव में कही।
महोत्सव के चौथे दिन कथा मंडप में निर्वाणी निर्मोही अखाडे़ के महंत स्वामी ओंकार दास का आचार्य देव प्रभाकर शास्त्री ने सम्मान कर श्री फल व अंग वस्त्र प्रदान किया। फिल्म अभिनेता आशुतोष राणा व राजपाल यादव ने भी महंत श्री से आशीर्वाद लिया। महंत जी के दोबारा बुलावे पर दोनों फिल्मी सितारों ने यहां बार-बार आने की बात कही। जिलाधिकारी भी रुद्र निर्माण स्थल पर पत्नी के साथ पहुंचे और रुद्र बनाने के साथ ही हवन-पूजन किया। उधर, तीर्थक्षेत्र के मंदिरों से प्रात:काल के घंटों-घड़ियालों की आवाजों के साथ ही रुद्रों को बनाने का क्रम भी शुरू हो गया। जहां एक तरफ लोग रुद्रों का निर्माण कर अपने आपको कृतार्थ करने में लगे थे वहीं दूसरी तरफ दद्दा शिष्य मंडल के सेवादार मिट्टी की गोलियां, परात, चावल, पुष्प, पूजन सामग्री के साथ ही पानी व शरबत पिलाने का काम कर रहे थे। दोपहर दो बजे तक रुद्रों के निर्माण के बाद आचार्य पूरन महाराज ने सभी भक्तों से महारुद्राभिषेक करवाया। बाद में इन रुद्रों को ट्रकों पर लादकर तुलसी तीर्थ राजापुर ले जाया गया जहां पर पवित्र यमुना में उन्हें विसर्जित कर दिया गया। इसके साथ ही यज्ञ शाला में दोपहर बाद से ही आहुतियों को डालने का क्रम जारी रहा। फिल्म संगीतकार सुजीत चौबे के भजनों के दौरान काफी देर तक लोग झूमते रहे। एक दौर ऐसा भी आया कि राजपाल यादव भी नाचते-नाचते मंच के सामने पहुंच गये और काफी देर तक नृत्य करते रहे। महिलाएं उनके साथ नाचने के लिए पहुंची।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें