मंगलवार, 14 जुलाई 2009

शिवभक्ति में डूब गयी राम की नगरी

Jul 14, 10:41 pm
चित्रकूट। सावन के महीने में हर तरफ शिव भक्ति की गूंज सुनायी दे रही है। संकल्प की पूर्ति होने के बाद भी रैन बसेरा मैदान के पंडाल में शिव के भक्त काली मिट्टी की गोलियों महारुद्रों के निर्माण में जुटे हुए हैं। यहां पर रुद्र बनाने के काम में जहां फिल्मी दुनिया के तमाम कलाकार हैं वहीं आम लोगों के साथ ही प्रशासनिक अधिकारी भी इस काम को कर पुण्य कमा रहे हैं।
तमाम धारावाहिकों में अपनी चमक बिखेरने वाली अरुंधती कहती हैं कि वह हमारा पेशा है, पर यह हमारी विरासत का अमूल्य हिस्सा है। इसको करके हमें सुकून मिलता है और शिव की भक्ति से ही हमारा सब कुछ ठीक रहेगा। उधर, पंडाल पर आम आदमी के रुप में रुद्रों के निर्माण में जुटे अपर पुलिस अधीक्षक जुगुल किशोर कहते हैं कि पुलिस का काम अलग है, पर भगवान की भक्ति तो यहां पर आने के पहले ही उनके खून में रची बसी है। सावन के महीने में चित्रकूट की धरती पर बैठकर महारुद्रों के निर्माण के सुख का वर्णन किया ही नही जा सकता। इसी दौरान सेवादारों ने जहां पहले मिट्टी की गोलियों का वितरण किया वहीं काफी सेवादार महारुद्रों के निर्माण में लगे लोगों को पानी पिलाने का काम कर रहे थे। इसके बाद इन्हीं सेवादारों ने पूजन सामग्री वितरण काम भी किया। इस दौरान राधे-राधे मंडल सागर और फिल्म संगीतकार सुजीत चौबे के भजनों पर लोग थिरकते रहे। महिलाओं के हाल तो यह थे कि उन्हें 'इक पल चैन न आये कान्हा तेरे बिना' पर बैठने के लिए भी कहना पड़ा। उधर, महारुद्रों के निर्माण के बाद रुद्राभिषेक का कार्यक्रम भी चला। आचार्य पूरन महाराज के मंत्रों पर लोग मूर्तियों को पूजते रहे। फिल्म स्टार आशुतोष राणा, राजपाल यादव, ठाकुर पद्म सिंह, दीपराज राणा समेत तमाम और लोगों के साथ ही लगभग पचास हजार लोग मौजूद रहे।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें